आजमगढ़ : आम तोड़ते समय 33 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से युवती की मौत

Youth India Times
By -
0




प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी मृतका, परिवार में छाया मातम
आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के डड़चा गांव में रविवार को आम तोड़ते समय 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, डड़चा गांव निवासी रामकेश वर्मा की पुत्री पूनम वर्मा दोपहर के समय गांव के उत्तर दिशा स्थित बगीचे में लगभग 15 फुट लंबी लग्घी से आम तोड़ रही थी। इसी दौरान आम के पेड़ के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से लग्घी छू गई। तेज करंट की चपेट में आने से पूनम गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया गया कि पूनम ने बीए की पढ़ाई पूरी कर ली थी और घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी और अभी अविवाहित थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाईटेंशन लाइन के तार काफी नीचे झूल रहे थे और आम के पेड़ की शाखाओं के बेहद करीब थे। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने तारों की ऊंचाई और पेड़ों की छंटाई पर ध्यान दिया होता तो इस तरह की दर्दनाक घटना से बचा जा सकता था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)