योग प्रदर्शन के साथ स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश, दूर-दराज से पहुंचे मरीजों ने उठाया लाभ
आजमगढ़। श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय परिसर में रविवार को अग्रवाल युवा समाज की ओर से एलर्जी एवं श्वास संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए नि:शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आजमगढ़ सहित आसपास के जनपदों और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे, जिन्हें आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद आयोजित योग कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न योगासन प्रस्तुत कर लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए योग के महत्व से अवगत कराया। शिविर में मुगलसराय से आए चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण कर आयुर्वेदिक दवाओं का वितरण किया। इस दौरान डॉ. विकास गर्ग ने एलर्जी एवं श्वास संबंधी रोगों से बचाव के उपाय बताते हुए नियमित दिनचर्या, संतुलित खान-पान और योग को अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला महिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय कुमार तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. अमन गर्ग, डॉ. अंकुर अग्रवाल, डॉ. अर्पित अग्रवाल एवं डॉ. रेखा गुप्ता रहे। अतिथियों ने अग्रवाल युवा समाज द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजन जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। अग्रवाल युवा समाज के महामंत्री हर्षित अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि शिविर की तैयारी पिछले दो माह से की जा रही थी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग से शिविर का सफल आयोजन संभव हो सका। भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा से जुड़े ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे। इस अवसर पर अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल कुमार अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, सुदर्शन दास अग्रवाल, अनूप कुमार अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल सहित ओमप्रकाश अग्रवाल, लड्डू बाबू, गगन अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, विकास अग्रवाल, अर्पित अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, तिलकधारी, अमृत अग्रवाल, विवेक अग्रवाल पुस्तक, अमर अग्रवाल, शालू अग्रवाल, नमन अग्रवाल, मानस गौरव जैन अग्रवाल, अक्षत अग्रवाल, आयुष गर्ग, शिवम गर्ग, योगिता अग्रवाल, गरिमा अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल आदि लोग उपस्थित रहे।




