आजमगढ़ : 115 कब्जाधारकों पर चला प्रशासन का बुलडोजर

Youth India Times
By -
0




चार थानों की पुलिस, नगर पंचायत व पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने शुरू किया अभियान, बाजार में मचा हड़कंप
रिपोर्ट-आरपी सिंह
आजमगढ़। फूलपुर कस्बे में राज्य मार्ग संख्या-34 (लखनऊ-बलिया मार्ग) पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार को व्यापक अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) फूलपुर और क्षेत्राधिकारी (सीओ) के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस, नगर पंचायत तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम ने बाजार पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते पूरे बाजार में हड़कंप का माहौल रहा। प्रशासन की कार्रवाई से पूर्व लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-2 की ओर से पीडब्ल्यूडी की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले 115 लोगों को नोटिस जारी कर एक जुलाई तक स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद संयुक्त टीम ने अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, स्थलीय निरीक्षण में 115 लोगों द्वारा पीडब्ल्यूडी की भूमि पर दुकान, मकान तथा अन्य स्थायी एवं अस्थायी निर्माण कर अवैध कब्जा किए जाने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद सभी कब्जाधारकों को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की। जिन स्थानों पर कब्जा नहीं हटाया गया, वहां मशीनों की मदद से कार्रवाई की गई। प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि आदेश का पालन न करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अतिक्रमण हटाने में आने वाला खर्च भी संबंधित कब्जाधारकों से वसूला जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार थानों की पुलिस बल तैनात रही। अधिकारियों ने कहा कि राजमार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने तक अभियान जारी रहेगा। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु होगी, जाम की समस्या कम होगी और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बाद कई दुकानदारों ने स्वयं अपने टिनशेड, चबूतरे और सड़क की ओर किए गए अस्थायी निर्माण हटाने शुरू कर दिए। स्थानीय लोगों ने भी इस अभियान का स्वागत करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की मांग की।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)