मानकों की अनदेखी और चिकित्सकों की अनुपस्थिति पर स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई, एक अस्पताल को कारण बताओ नोटिस
आजमगढ़। जनपद में अवैध एवं मानकविहीन निजी चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को सख्त कार्रवाई करते हुए मार्टीनगंज क्षेत्र के दो अस्पतालों के आॅपरेशन थियेटर सील कर दिए। वहीं एक अन्य अस्पताल के संचालक को आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के आदेश पर डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने विकासखंड मार्टीनगंज में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान बसंत हेल्थ केयर सेंटर में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। अस्पताल निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं हो रहा था और मौके पर कोई अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। अस्पताल केवल स्टाफ के भरोसे संचालित किया जा रहा था। बिना वैध अनुमति संचालित किए जा रहे आॅपरेशन थियेटर को टीम ने तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इसके बाद टीम ने बाबू जी उदयराज हेल्थ केयर सेंटर का निरीक्षण किया। यहां भी पंजीकृत चिकित्सक की अनुपस्थिति और नियमों के विपरीत आॅपरेशन थियेटर संचालित होने की पुष्टि हुई। इस पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए आॅपरेशन थियेटर को सील कर दिया। वहीं लक्ष्मी हेल्थ केयर एंड हॉस्पिटल, मुक्तिपुर बाजार के निरीक्षण के दौरान संचालक आवश्यक पंजीकरण एवं अन्य वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर अस्पताल संचालक को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि बिना पंजीकरण, बिना मान्यता और बिना योग्य चिकित्सकों के संचालित अस्पताल, नर्सिंग होम और क्लीनिकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




