आज़मगढ़ : शादी में अक्षत फेंकने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक पर जानलेवा हमला

Youth India Times
By -
0

 






धारदार हथियार व लाठी-डंडों से मारपीट का आरोप, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान अक्षत फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित पक्ष ने गांव के कुछ लोगों पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हैदराबाद गांव निवासी अंकुर कुमार अपने मौसेरे भाई जयवीर के साथ बरहपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। आरोप है कि समारोह के दौरान पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें बुलाकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने धारदार हथियार तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में अंकुर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके रिश्तेदारों के साथ भी मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि हमलावर अंकुर को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि जीयनपुर थाना क्षेत्र में एक बारात के दौरान मारपीट की घटना की सूचना मिली है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)