आजमगढ़ : पारिवारिक कहासुनी के बाद महिला ने फांसी लगाकर दी जान

Youth India Times
By -
0






स्टेबलाइजर के रुपये देने को लेकर पति से हुई थी कहासुनी, दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के हमजापुर गांव में पारिवारिक कहासुनी के बाद एक महिला ने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना 24/25 अगस्त की रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हमजापुर गांव निवासी जयप्रकाश यादव की पत्नी शशिकला (29) ने सोमवार की देर रात कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। मृतका के पति जयप्रकाश यादव ने पवई थाने में तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। तहरीर में बताया कि रात करीब 12:05 बजे पारिवारिक कहासुनी और विवाद के बाद शशिकला ने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पवई थानाध्यक्ष मनीष पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार, जयप्रकाश स्टेबलाइजर बनवाकर घर लाया था और उसके लिए 200 रुपये दिए थे। इसी बात को लेकर शशिकला ने पति से सवाल किया कि रुपये क्यों दिए। इस पर जयप्रकाश ने बताया कि हमेशा बड़े भाई रुपये देते हैं, इस बार उसने स्वयं रुपये दे दिए तो क्या हुआ। बताया जा रहा है कि इसी बात को शशिकला ने अपनी तौहीनी मान लिया और कुछ देर बाद कमरे में जाकर फांसी लगा ली। बताया गया कि स्टेबलाइजर के माध्यम से दोनों भाइयों के परिवारों की बिजली लाइन संचालित होती थी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतका के दो बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र करीब पांच वर्ष और दूसरे की करीब एक वर्ष है। मृतका का मायका जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर धूधुरी गांव में है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका का भाई भी पवई थाने पहुंचा और पुलिस से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)