सावन केवल त्योहार नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का माध्यम : डीपी मौर्य, प्रबंधक
आजमगढ़। तिवारीपुर, सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में सावन के अंतिम सोमवार को सावन सेलिब्रेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण सावनमय नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य, एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य एवं प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश और कार्तिकेय के स्वरूप में सजे बच्चों की पूजा-अर्चना एवं आरती कर किया। इसके बाद छात्रा अदिति मिश्रा ने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ गीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात छात्राओं ने ‘पार्वती बोली शंकर से’ गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं विद्यालय के छात्रों ने अघोरी डांस की शानदार प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि सावन केवल त्योहार नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का माध्यम है। ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार, एकता और प्रकृति-प्रेम की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति, त्योहारों और लोक-परंपराओं से भी परिचित कराना है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों को बधाई दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, प्रेमा यादव, आदित्य मिश्रा, अजय यादव, राहुल तिवारी, किशन यादव, आरोही मोदनवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।







