आजमगढ़ पब्लिक स्कूल की कलर पार्टी ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का किया भव्य स्वागत

Youth India Times
By -
0




स्काउट्स एवं गाइड्स के विद्यार्थियों ने अनुशासन और सेवा भावना का किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, मंत्री ने माल्यार्पण कर बढ़ाया उत्साह
आजमगढ़। कोटिला चेक पोस्ट स्थित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के स्काउट्स एवं गाइड्स दल की कलर पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का गरिमामय स्वागत किया गया। मंत्री दयाशंकर सिंह जनपद के गंभीरवन क्षेत्र में नवनिर्मित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) भवन के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। इस अवसर पर आजमगढ़ पब्लिक स्कूल की कलर पार्टी ने अनुशासन, समर्पण एवं स्काउटिंग भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मंत्री को सम्मानपूर्वक नए आरटीओ भवन तक एस्कॉर्ट किया। विद्यार्थियों की सुसज्जित एवं अनुशासित प्रस्तुति से कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोग प्रभावित हुए। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने विद्यार्थियों के उत्साह एवं अनुशासन की सराहना करते हुए उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कलर पार्टी का नेतृत्व कर रहे अवधेश यादव, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट्स), अजय यादव, जिला आईटी कोआॅर्डिनेटर (स्काउट्स), मोहम्मद शाहिद, यूनिट लीडर (स्काउट्स), आजमगढ़ पब्लिक स्कूल तथा ट्रेनिंग काउंसलर आदर्श, दिव्यांशु, आंशिक यादव, अंजली और मोनू की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उनके कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में पूरी टीम ने अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद विक्रांत सिंह 'रिशु', जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह, शिखर ओझा (डीटीसी गोरखपुर), वी.के. राजपूत (आरटीओ प्रशासन), सुनील दत्त (आरटीओ प्रवर्तन), विष्णुकांत मिश्र (एआरटीओ), अतुल यादव (एआरटीओ प्रवर्तन) तथा प्रमोद गौतम (आरआई) सहित अन्य गणमान्य अधिकारी एवं अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपनी सहभागिता को गौरव का विषय बताते हुए सभी अतिथियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)