एक ही परिसर में मिलेंगी परिवहन की सभी सेवाएं, डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था से आमजन को होगी सहूलियत
आजमगढ़। जनपद के विकास को नई गति देते हुए शनिवार को नवनिर्मित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) भवन का भव्य लोकार्पण किया गया। प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एमएलसी विक्रांत सिंह रिशु सहित जनप्रतिनिधि, परिवहन विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नवनिर्मित आरटीओ भवन को आधुनिक तकनीक एवं जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। अब ड्राइविंग लाइसेंस, लर्निंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, टैक्सेशन सहित परिवहन विभाग की अन्य सेवाएं अधिक व्यवस्थित तरीके से एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ कार्यों के निस्तारण में पारदर्शिता और तेजी आएगी। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि आम नागरिकों को बिना किसी परेशानी के समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि नया आरटीओ भवन आजमगढ़ के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे पूर्वांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही भारत स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स को सम्मानित कर उनकी सेवा भावना, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की गई। उपस्थित लोगों ने इस पहल को जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर आरटीओ प्रशासन अश्वनी सिंह राजपूत, आरटीओ प्रवर्तन सुनील दत्त यादव, आरटीओ प्रवर्तन विष्णु दत्त मिश्रा, एआरटीओ प्रशासन अतुल कुमार यादव, सम्माननीय निरीक्षक प्राविधिक प्रमोद कुमार गौतम, प्रधान सहायक शेख श्रीवास्तव, नैनीश श्रीवास्तव, विद्याभूषण माणिक, अमित कुमार यादव, अमित कुमार तथा रियाज अहमद फारूकी सहित परिवहन विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकतार्ओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने विश्वास जताया कि नई सुविधाओं से लैस यह आरटीओ कार्यालय जनपदवासियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करेगा और आजमगढ़ को स्मार्ट एवं डिजिटल परिवहन व्यवस्था की दिशा में नई पहचान दिलाएगा।




