जेई ने पुलिस को दी तहरीर, कूड़ा हटाने की मांग तेज; विद्युत आपूर्ति हुई प्रभावित
आजमगढ़। बरदह बाजार स्थित विद्युत ट्रांसफार्मरों के पास जमा कूड़े का अंबार अब बिजली व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। शनिवार को बरदह विद्युत उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) आतिश कुमार यादव ने स्थानीय थाने में प्रार्थना पत्र देकर ट्रांसफार्मर के समीप कूड़े में आग लगाए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। जेई के अनुसार बरदह ट्यूबवेल मशीन के पास 250 केवीए एवं 100 केवीए क्षमता के दो विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित हैं, जिनसे बरदह बाजार और आसपास के गांवों की विद्युत आपूर्ति संचालित होती है। आरोप है कि 19 जून 2026 की रात अज्ञात अराजक तत्वों ने ट्रांसफार्मर के समीप पड़े कूड़े के ढेर में आग लगा दी। आग की लपटें तेज होने के कारण पास स्थित ट्रांसफार्मर के फ्यूज बॉक्स तक पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने रात्रि करीब एक बजे विद्युत उपकेंद्र को घटना की सूचना दी, जिसके बाद तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। सूचना मिलते ही उपकेंद्र से लाइनमैन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। जांच के दौरान 250 केवीए का एक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त पाया गया, जिससे बरदह बाजार क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। जेई आतिश कुमार यादव ने बताया कि ट्रांसफार्मर के आसपास कूड़ा न फेंके जाने को लेकर कई बार ग्रामवासियों एवं ग्राम प्रधान को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद बाजार के लोग वहां कूड़ा-करकट फेंक रहे हैं। कूड़े में मौजूद प्लास्टिक, कागज एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थ हवा के साथ ट्रांसफार्मर तक पहुंच जाते हैं। साथ ही कुछ लोगों द्वारा कूड़े में आग लगाए जाने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि जब तक ट्रांसफार्मर के पास से कूड़े का ढेर नहीं हटाया जाएगा, तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कूड़ा हटाने की मांग करते हुए कहा कि इससे न केवल विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। फिलहाल विद्युत विभाग ने मामले की शिकायत पुलिस को देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।




