कैंप कमांडेंट ने अनुशासन, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा के मूल्यों पर दिया जोर, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट हुए पुरस्कृत
आज़मगढ़। सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में 99 यूपी बटालियन एनसीसी आजमगढ़ के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-313) के नौवें दिन बुधवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान कैंप कमांडेंट ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण और रेजिमेंटल जीवन के अनुभव उन्हें उच्च चरित्र, अनुशासन, कामरेडशिप तथा धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण से समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट न केवल देश के श्रेष्ठ नागरिक बनने की दिशा में अग्रसर हैं, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वयं को तैयार कर भारतीय सेना के गौरव को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वर्तमान समय में ऐसे मूल्यनिष्ठ युवा समाज और राष्ट्र को मजबूत करने के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भी सहायक सिद्ध होंगे। क्लोजिंग एड्रेस के पश्चात आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में कैंप कमांडेंट ने विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इससे पूर्व डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल जे.बी. सिंह की अध्यक्षता में 7 एयर स्क्वायड्रन वाराणसी से आए विशेषज्ञ स्टाफ ने प्रशिक्षित कैडेटों को ड्रोन की संरचना, तकनीकी विशेषताओं तथा उसके संचालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से ड्रोन तकनीक के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में सहयुक्त एनसीसी अधिकारी मदन मोहन पाण्डेय, कैप्टन इंद्रजीत, लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह, सेकेंड ऑफिसर डी.के. मिश्रा, सूबेदार मेजर विनोद कुमार, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ तथा सभी प्रतिभागी कैडेट उपस्थित रहे।





