जानिए कब उतरेगा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर, किस कार्यक्रम में होंगे शामिल
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार, पांच सितंबर को आजमगढ़ के संक्षिप्त दौरे पर आएंगे। प्राप्त प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री गोरखपुर से प्रस्थान कर अपराह्न करीब 3:40 बजे आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जिबली में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हेलीपैड पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के आवास पर जाएंगे। प्रोटोकॉल के मुताबिक, मुख्यमंत्री अपराह्न 3:45 बजे से 4 बजे तक विनोद राय की माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान वह शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वापस जिबली स्थित हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह शाम 4:10 बजे हेलीकॉप्टर से वाराणसी के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री का आजमगढ़ दौरा बेहद संक्षिप्त रहेगा। कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस स्तर पर आवश्यक सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।




