कांग्रेस नेत्री की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति एक महिला के साथ मारपीट करता और उसके बाल पकड़कर घसीटता दिखाई दे रहा है। वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति की पहचान डिबाई विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित के रूप में बताई जा रही है। वहीं, महिला की पहचान उनकी करीबी कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा के रूप में हुई है। वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो रहा है। इसी दौरान पूर्व विधायक बताए जा रहे व्यक्ति महिला के साथ मारपीट करते और उसे पकड़कर घसीटते नजर आते हैं। महिला खुद को बचाने के लिए झाड़ू उठाती है और सामने वाले व्यक्ति पर प्रहार करती दिखाई देती है। इसके बाद उसे कमरे से बाहर की ओर घसीटने का प्रयास किया जाता है। वीडियो के अंत में महिला किसी तरह वहां से निकलकर घर के बाहर की ओर भागती दिखाई दे रही है। वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर तेजी से प्रसारित होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। देर रात अर्चना पांडा की तहरीर पर बुलंदशहर नगर कोतवाली में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। बुलंदशहर नगर कोतवाली प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि पीड़िता अर्चना पांडा की तहरीर के आधार पर पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में शिकारपुर बाईपास स्थित पूर्व विधायक के आवास के बाहरी हिस्से का दृश्य दिखाई दे रहा है। दोनों के बीच पहले भी विवाद होने की बातें सामने आती रही हैं और पूर्व में पारिवारिक एवं घरेलू विवादों को लेकर शिकायतें पुलिस तक पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। उधर, पूर्व विधायक गुड्डू पंडित ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से दावा किया है कि वायरल किया जा रहा वीडियो पुराना है। उन्होंने इसे वर्ष 2025 का बताते हुए आरोप लगाया कि एक साजिश के तहत उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और पीड़िता की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।




