आज़मगढ़ : ट्रेलर की टक्कर से किशोरी की मौत, दो घायल

Youth India Times
By -
0



ननिहाल से लौटते समय हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल बालक जिला अस्पताल रेफर; चालक ट्रेलर समेत फरार

आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटिला कट के पास मंगलवार की शाम तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया। जानकारी के अनुसार जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र के चेवार पूर्व गांव निवासी 15 वर्षीय प्रिया भारती दो दिन पहले अपने ननिहाल देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथी शंकरपुर गांव आई थी। मंगलवार को उसके मामा रमेश भारती किसी कार्य से बाइक से आजमगढ़ आ रहे थे। इस दौरान प्रिया और रमेश का 10 वर्षीय पुत्र प्रियांशु भी साथ चलने की जिद करने लगे, जिस पर रमेश दोनों को अपने साथ लेकर आजमगढ़ चले गए। शाम करीब चार बजे तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रानी की सराय क्षेत्र के कोटिला कट के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रिया सड़क पर गिरकर ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रमेश भारती और उनका पुत्र प्रियांशु सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से दोनों घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद रमेश को छुट्टी दे दी गई, जबकि प्रियांशु की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)