स्कूल मान्यता में रिश्वत मांगने के आरोप से शिक्षा विभाग में हड़कंप
बीएसए ने मांगा तीन दिन में जवाब, संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी
आजमगढ़। विद्यालय की मान्यता प्रक्रिया में कथित अनियमितता और रिश्वत मांगने के आरोपों को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राजीव पाठक ने अजमतगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कुलदीप नारायण सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, 13 जून 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो एवं वीडियो में किंड्स किंगडम स्कूल, भरौली के प्रबंधक ने आरोप लगाया था कि विद्यालय की मान्यता के लिए निरीक्षण कर अनुकूल रिपोर्ट भेजने के बदले एक लाख रुपये की मांग की गई। मामले के सार्वजनिक होने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीएसए द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि उपलब्ध ऑडियो-वीडियो सामग्री के आधार पर प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि धनराशि को लेकर संबंधित अधिकारी की बातचीत सामने आई है। यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो यह आचरण सरकारी सेवक के दायित्वों और उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली, 1956 के प्रावधानों के विपरीत माना जाएगा। नोटिस में बीईओ को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें तथा आवश्यक साक्ष्यों के साथ लिखित स्पष्टीकरण उपलब्ध कराएं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा के भीतर संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।शिक्षा विभाग ने पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए कहा है कि पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।





