आजमगढ़ : जीडी ग्लोबल स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Youth India Times
By -
0



विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली व पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

आजमगढ़। करतालपुर बाइपास स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा अतिथियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। योगाभ्यास का संचालन आर्ट ऑफ़ लिविंग के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक रविंद्र कुमार ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, पद्मासन सहित विभिन्न योगासनों तथा अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आर्ट ऑफ़ लिविंग संस्था योग, ध्यान और मानवीय मूल्यों के माध्यम से तनावमुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए कार्य कर रही है। विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने कहा कि योग व्यक्ति को स्वस्थ, संयमित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है तथा यह भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। वहीं कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल ने योग को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अनमोल उपहार बताते हुए इसे शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम बताया। प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने कहा कि योग विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करता है। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिकाधिक पौधरोपण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की सामूहिक प्रतिज्ञा भी ली। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या ने योग प्रशिक्षक रविंद्र कुमार, अभिभावकों, अतिथियों तथा विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी शिक्षक संतोष कुमार दुबे ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के कोऑर्डिनेटर जी.के. त्रिपाठी, सुमन यादव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, विद्यार्थी, अभिभावक और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)