आज़मगढ़ : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन में सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

Youth India Times
By -
0




डीआईजी सुनील कुमार सिंह व एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने अधिकारियों-कर्मचारियों संग किया योग, जिलेभर के थानों में भी आयोजित हुए योग शिविर

आजमगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन आजमगढ़ में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" रही, जिसका उद्देश्य लोगों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, अर्धचक्रासन, वज्रासन, भुजंगासन, शशांकासन और शीतली प्राणायाम सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। साथ ही नियमित योग एवं व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कंधरापुर स्थित चंद्रमा ऋषि आश्रम में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भी भाग लिया। यहां प्रदेश सरकार के मंत्री दारा सिंह चौहान, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी थाना, चौकी एवं पुलिस कार्यालयों में भी योग शिविरों एवं जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जहां पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दैनिक जीवन में योग अपनाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)