बरदह क्षेत्र में हुआ दर्दनाक हादसा, कई घायल; गंभीर टैंपो चालक वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के देवगांव-जिवली मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला और एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसा राजेपुर हदीसा गांव के मोड़ के पास उस समय हुआ, जब जिवली से देवगांव की ओर जा रहा सवारी टैंपो और देवगांव से जौनपुर की ओर जा रही एक प्राइवेट मारुति एंबुलेंस आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंपो में सवार कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह पहुंचाया गया। वहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश रंजन मिश्रा ने उपचार के दौरान 50 वर्षीय सुनीता मिश्रा पत्नी इंद्र प्रकाश निवासी गोडहरा, बरदह तथा 24 वर्षीय अंगद पुत्र जयकिशुन निवासी कुड़ियर, बरदह को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल टैंपो चालक रुस्तम पुत्र मोहम्मद असलम निवासी गिरधपुर, थाना देवगांव को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं टैंपो में सवार 45 वर्षीय कमला देवी पत्नी राजकुमार निवासी रेतवा चंद्रभानपुर, थाना देवगांव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जौनपुर भेजा गया। बताया गया कि मृतका सुनीता मिश्रा बैंक के कार्य से गोसाईंगंज जा रही थीं। उनके पति विदेश में निजी नौकरी करते हैं। परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। वहीं मृतक अंगद घर से दवा लेने देवगांव जा रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त टैंपो व एंबुलेंस को सड़क किनारे कराकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतका सुनीता मिश्रा के पुत्र रितेश मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा एंबुलेंस चालक की पहचान और तलाश की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




