मारपीट में गुप्तांग में आई गंभीर चोट, सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर; परिजनों ने तीन लोगों पर लगाया आरोप
आजमगढ़। बच्चों के बीच खेल-खेल में शुरू हुआ मामूली विवाद गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के तीन लोगों ने 8 वर्षीय बालक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के दौरान बालक के गुप्तांग में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है, जबकि घायल बालक का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी रिंकू सोनी का 8 वर्षीय पुत्र आयुष सोनी गुरुवार की शाम करीब छह बजे ढोड़ई दास की कुटी के पास अपने साथियों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान खेल-खेल में किसी बात को लेकर आयुष और दूसरे समुदाय के एक बच्चे के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चों के बीच हुआ विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद की जानकारी मिलने पर बादशाह पुत्र मंसूर, करीम पुत्र मंसूर तथा मंसूर पुत्र महबूब मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर मासूम आयुष की पिटाई शुरू कर दी। परिजनों का कहना है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि बालक को कई स्थानों पर चोटें आईं और उसके गुप्तांग में भी गंभीर चोट लग गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में बालक का उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




