आजमगढ़ : डॉक्टर ने पूर्व कर्मचारी के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

Youth India Times
By -
0



12 लाख रुपए गबन करने का लगाया आरोप

फर्जी दवा खरीद, रिटेल बिक्री में हेराफेरी और आपराधिक की कही बात, जांच शुरू
आजमगढ़। शहर के एक निजी अस्पताल के पूर्व कर्मचारी पर लाखों रुपये के गबन और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन की तहरीर पर आरोपी एवं अन्य संभावित सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आनंद हॉस्पिटल, आनंद मेडिकल्स एवं बबी मेडिकल्स के प्रभारी डॉ. आनंद सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनके यहां कार्यरत संतोष कुमार चौधरी उर्फ संतोष कुमार, निवासी दलसिंगार, आजमगढ़, को दवाओं की खरीद, स्टोर प्रबंधन, सप्लाई प्लेसमेंट तथा मेडिकल स्टोर संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रिकॉर्ड की जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने अपने पद और विश्वास का दुरुपयोग करते हुए फर्जी एवं अनावश्यक दवा खरीद, रिटेल बिक्री से प्राप्त धन का गबन, मरीजों के नाम पर फर्जी रिफंड क्लेम तथा कथित रूप से अपनी मां के नाम से संचालित फर्म एम/एस श्री साईं के माध्यम से संदिग्ध सप्लाई कर संस्थान को लगभग 12 लाख रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई। तहरीर के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने कृत्यों को स्वीकार करते हुए सुरक्षा के तौर पर एक टाटा टियागो कार और एक होंडा एक्टिवा अस्पताल प्रबंधन के पास जमा कराई थी। वहीं नुकसान की भरपाई के लिए आरोपी की माता द्वारा भूमि का हिस्सा हस्तांतरित करने पर भी सहमति जताई गई थी। डॉ. सिंह ने आरोप लगाया कि 22 जून 2026 की रात आरोपी की मां और उसकी दो बहनें अस्पताल पहुंचीं और वहां हंगामा किया, जिसके बाद डायल-112 पुलिस को बुलाना पड़ा। इस दौरान दोनों महिलाएं अपना मोबाइल फोन अस्पताल परिसर में छोड़कर चली गईं। पुलिस के अनुसार उपलब्ध दस्तावेजों, लेन-देन के रिकॉर्ड और लगाए गए आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)