आजमगढ़ : शराब ठेके के पास मिला युवक का शव

Youth India Times
By -
0




घर से निकले युवक की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में फैली सनसनी
आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के पटेलनगर स्थित शराब ठेके के समीप गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के साकीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय रमाकांत तिवारी बुधवार रात घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह पटेलनगर-हसनपुर मार्ग पर स्थित शराब ठेके के पास राहगीरों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक के पास मिले बैंक पासबुक के आधार पर उसकी पहचान रमाकांत तिवारी के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में गिरने से चोट लगने के कारण मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। रमाकांत तिवारी तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई लखनऊ में पुलिस कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। मृतक अविवाहित थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)