आजमगढ़ : बीएसएनएल के अस्तित्व और पुनरुद्धार की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन

Youth India Times
By -
0




लंच आवर के दौरान उठी 3rd PRC लागू करने और लंबित समस्याओं के समाधान की मांग
आजमगढ़। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध यूनियनों और एसोसिएशनों के संयुक्त मंच भारतीय दूरसंचार मंच (बीडीएम) के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत गुरुवार को बीएसएनएल कार्यालय, आजमगढ़ में अधिकारियों और कर्मचारियों ने लंच आवर प्रदर्शन किया। इस दौरान बीएसएनएल के अस्तित्व, पुनरुद्धार तथा अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनरों की वर्षों से लंबित मांगों के समाधान की मांग उठाई गई। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने "थर्ड पीआरसी लागू करो", "बीएसएनएल बचाओ-देश बचाओ" और "वन कंपनी-वन पॉलिसी लागू करो" जैसे नारे लगाए। कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित बैनर और पोस्टर भी प्रदर्शित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एआईजीईटीओए के जिला सचिव पी.एन. सिंह और जिला अध्यक्ष अभिनव द्विवेदी ने कहा कि बीएसएनएल देश की सामरिक दूरसंचार आवश्यकताओं को पूरा करने, ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में संचार सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वदेशी 4जी और 5जी तकनीक के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को बीएसएनएल को मजबूत बनाने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि तृतीय वेतन संशोधन समिति (3rd PRC) की संस्तुतियों को वहनीयता की शर्त से मुक्त कर तत्काल लागू किया जाए। साथ ही बीएसएनएल और एमटीएनएल पेंशनरों की पेंशन संशोधन संबंधी लंबित मामलों का निस्तारण किया जाए। द्वितीय वेतन संशोधन (2nd PRC) से जुड़े लंबित मामलों का समाधान, वन कंपनी-वन पॉलिसी लागू कर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। इसके अलावा समयबद्ध पदोन्नति, वरिष्ठता विवादों के निस्तारण, मानव संसाधन (एचआर) से जुड़े लंबित मामलों के समाधान, बीएसएनएल में नियमित सीएमडी की नियुक्ति तथा कंपनी के पुनरुद्धार के लिए आवश्यक नीतिगत निर्णय जल्द लेने की मांग उठाई गई। इस अवसर पर वैष्णव सिंह, आर.बी. मिश्रा, संदीप भारती तथा बीएसएनएलईयू के सहायक महासचिव आनंद कुमार सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से बीएसएनएल को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी के रूप में विकसित करने तथा कर्मचारियों की जायज मांगों को शीघ्र स्वीकार करने का आग्रह किया। कार्यक्रम का समापन बीएसएनएल के उज्ज्वल भविष्य, कर्मचारियों की एकजुटता और कंपनी के सुदृढ़ीकरण के संकल्प के साथ हुआ।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)