साधारण परिवार की बेटी ने असाधारण सफलता से रचा नया कीर्तिमान
आज़मगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित कृषि विभाग की प्राविधिक सहायक (टेक्निकल असिस्टेंट) भर्ती परीक्षा में आजमगढ़ जनपद के महाराजगंज ब्लॉक क्षेत्र के यूसुफपुर (ईसीपुर) गांव की प्रतिभाशाली छात्रा प्रिया यादव ने सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रिया यादव के पिता योगेंद्र यादव सहायक अध्यापक तथा माता उषा यादव शिक्षामित्र हैं। उन्होंने हाईस्कूल की शिक्षा मां श्रृंगारी देवी बालिका इंटर कॉलेज, भरौली से, इंटरमीडिएट श्री दुर्गा जी इंटर कॉलेज, सेहदा से तथा स्नातक की शिक्षा अवध विश्वविद्यालय से प्राप्त की। प्रिया यादव ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिजनों एवं गुरुजनों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह सफलता प्राप्त की। उन्होंने अपने दिवंगत दादा स्व. रामअवध यादव (पूर्व चकबंदी अधिकारी), स्व. रामसेवक यादव (पूर्व लेखपाल) तथा रामाश्रय यादव (प्रधान) को अपना प्रेरणास्रोत बताया। प्रिया यादव की इस उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। लोगों का कहना है कि प्रिया की सफलता क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है तथा यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित अवसर और निरंतर प्रयास की होती है।





