पूर्व एमएलसी के बेटे की दबंगई, कारोबारी पर फायरिंग के बाद पिस्टल की बट से हमला

Youth India Times
By -
0



मोबाइल शोरूम में वारदात, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी के हजरतगंज स्थित श्रीराम टावर में एक मोबाइल शोरूम पर बुधवार रात दबंगई और फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। आरोप है कि समाजवादी पार्टी के पूर्व एमएलसी के बेटे विवेक भदौरिया ने मोबाइल खरीदने के दौरान हुए विवाद में शोरूम संचालक पर फायरिंग कर दी। गोली से बाल-बाल बचे कारोबारी को आरोपी ने पिस्टल की बट से हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद मौके से फरार हुए आरोपी को पुलिस ने कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित कारोबारी काविश अदील, निवासी महबूबगंज (सआदतगंज), ने हजरतगंज कोतवाली में दर्ज कराई गई तहरीर में बताया कि बुधवार रात विवेक भदौरिया अपने एसयूवी वाहन से उनके शोरूम पर मोबाइल खरीदने पहुंचे थे। मोबाइल दिखाने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर विवेक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मोबाइल देने से मना करने पर पिस्टल निकालकर फायर झोंक दिया। गोली उन्हें नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए। पीड़ित के अनुसार, फायरिंग के बाद आरोपी ने उन्हें पकड़कर पिस्टल की बट से सिर, कंधे और हाथ पर कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान हो गए। इस दौरान शोरूम में रखा मोबाइल भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने पर हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर आरोपी विवेक भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि विवेक अक्सर लोगों को पिस्टल के बल पर धमकाता था और पहले भी विवादों में रहा है। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। हजरतगंज के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उसके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)