उत्थान समिति ने बैठक में नियमितीकरण समेत कई मांगों पर एकजुट होकर संघर्ष का आह्वान
आजमगढ़। टेट उत्तीर्ण शिक्षामित्र उत्थान समिति जनपद आजमगढ़ की एक आवश्यक बैठक शुक्रवार को जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र की अध्यक्षता में स्थानीय कुंवर सिंह उद्यान के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में जनपदीय एवं ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सरकार शिक्षामित्रों के हित में सकारात्मक निर्णय लेगी, ऐसी अपेक्षा है। मंडल अध्यक्ष अवधेश सिंह ने प्रदेश संगठन के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुरूप वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की नियुक्तियों को सुरक्षित करने की दिशा में कार्य कर रही है, जो स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री से बेसिक शिक्षा विभाग में लगभग 26 वर्षों से सेवाएं दे रहे शिक्षामित्रों के हित में भी ठोस निर्णय लेने की मांग की। जिला संरक्षक मनेन्द्र सिंह ने शिक्षामित्रों से एकजुट रहने और आगामी संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। बैठक में शिक्षामित्रों की प्रमुख मांगों पर चर्चा की गई। इनमें परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत विशेष संविदा शिक्षकों (स्पेशल एजुकेटर्स) की तर्ज पर टेट उत्तीर्ण शिक्षामित्रों का नियमितीकरण, सुप्रीम कोर्ट के रामशरण मौर्य बनाम उत्तर प्रदेश सरकार मामले के संदर्भ में 51,112 पदों पर टेट उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को सुपर टेट में छूट देकर सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति तथा गैर-टेट शिक्षामित्रों को 12 माह का मानदेय एवं 62 वर्ष तक सेवा का अवसर प्रदान करने जैसी मांगें प्रमुख रहीं। बैठक के अंत में जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र ने सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षामित्रों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। बैठक में कौशल कुमार दुबे, अवनीश चौहान, विष्णु राय, कविता यादव, राजेश राय, अमित शर्मा, मंतिरा देवी, अर्चना राय, बजरपाल यादव, संतोष यादव, राजकुमार, विनय, अनुपमा सिंह, राजेंद्र वर्मा, दिनेश सोनकर सहित अनेक शिक्षामित्र उपस्थित रहे।





