पुलिस लाइन स्थित द्रोणाचार्य शूटिंग रेंज में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता की 10 मीटर एयर पिस्टल सब-यूथ महिला वर्ग में रही प्रथम
आजमगढ़। पुलिस लाइन, आजमगढ़ स्थित द्रोणाचार्य शूटिंग रेंज में वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता का सफल समापन हो गया। प्रतियोगिता के 10 मीटर एयर पिस्टल (सब-यूथ महिला सिंगल) वर्ग में आजमगढ़ की प्रतिभाशाली निशानेबाज आराध्या तिवारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। आराध्या तिवारी पुत्री दिलीप तिवारी, निवासी मोहल्ला नरौली, थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़ ने प्रतियोगिता के दौरान अपनी एकाग्रता, आत्मविश्वास और सटीक निशानेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और जनपद में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि मीनाक्षी सिंह (पत्नी, पुलिस महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र) ने विजेताओं को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजन के माध्यम से बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिभागियों एवं अभिभावकों ने आजमगढ़ पुलिस प्रशासन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। आराध्या की इस शानदार सफलता पर खेल प्रेमियों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





