आजमगढ़ : लापता दो किशोरियां 5 घंटे में सकुशल बरामद

Youth India Times
By -
0




घर से बिना बताए निकली थीं दोनों सहेलियां, काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा गया

आजमगढ़। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत थाना जहानागंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता दो किशोरियों को मात्र पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली से परिजनों की चिंता दूर हुई, जिन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 को एक महिला ने थाना जहानागंज में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी किशोरी पुत्री और उसकी सहेली सुबह करीब 11 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के निर्देशन में मिशन शक्ति 5.0 की विशेष टीम गठित कर तत्काल तलाश शुरू की गई। टीम में महिला उपनिरीक्षक आरती यादव, उपनिरीक्षक बीरबल यादव, महिला आरक्षी ममता यादव तथा आरक्षी अनिल कुमार, मुकेश शाह और संदीप शामिल रहे। पुलिस ने संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन की और लगातार प्रयास करते हुए दोनों किशोरियों को शाम करीब 4 बजे जिगरसंडी सरैया क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरियों ने बताया कि वे बिना किसी को बताए अपनी एक परिचित के पास चली गई थीं, जबकि परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों किशोरियों की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से संतुष्ट परिजनों ने थाना जहानागंज पुलिस टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस विभाग ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए आजमगढ़ पुलिस हमेशा तत्पर है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)