फर्जी प्रमाणपत्र से बने सिपाही, आठ पुलिसकर्मी बर्खास्त

Youth India Times
By -
0

 





2023 भर्ती में जाली दस्तावेज लगाकर पाई थी नौकरी, जांच में खुलासा होने पर दर्ज हुई एफआईआर
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्ष 2023 की सीधी भर्ती में फर्जी दस्तावेजों के जरिए नौकरी हासिल करने का बड़ा मामला सामने आया है। मिर्जापुर जिले के आठ लोगों ने कथित तौर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित का जाली प्रमाणपत्र लगाकर सिपाही पद पर नियुक्ति प्राप्त कर ली। मामले की जांच में फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बाद सभी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं तथा उनके खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार प्रयागराज के अल्लापुर निवासी एक अधिवक्ता ने बांदा पुलिस से शिकायत की थी कि मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के जासा बधौरा गांव निवासी शुभम दुबे ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित का फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर यूपी पुलिस में नौकरी प्राप्त की है। शुभम की आरटीसी बांदा में हुई थी, जबकि वर्तमान तैनाती प्रतापगढ़ में है। इसके चलते बांदा पुलिस ने मामले को प्रतापगढ़ पुलिस को भेजते हुए जांच का अनुरोध किया। प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच पुलिस लाइन के क्षेत्राधिकारी (सीओ) को सौंपी। जांच अधिकारी शिवनारायण वैश की जांच में शुभम दुबे के अलावा सात अन्य सिपाहियों के प्रमाणपत्र भी फर्जी पाए गए। इनमें जासा बधौरा निवासी अजय कुमार, धानी पट्टी सुपन्था निवासी प्रदीप कुमार, भोसिंह का पूरा निवासी खुशबू गुप्ता, सरोई तिवारी निवासी आकाश मिश्रा, जिगना थाना क्षेत्र के परमानपुर गौरा निवासी अभिषेक पांडेय, रामपुर हंशवार निवासी रविशंकर तथा कटरा कोतवाली क्षेत्र के बथुआ महूअरिया निवासी दिव्यांशु यादव शामिल हैं। जांच में सामने आया कि सभी आरोपियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित का फर्जी प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर आरक्षण का लाभ लेते हुए पुलिस विभाग में नियुक्ति प्राप्त की थी। मामले के खुलासे के बाद पुलिस लाइन प्रतापगढ़ में तैनात उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव की तहरीर पर सभी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज को असली बताकर उपयोग करने सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने तथा उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)