आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस ने फर्जी वरासत दर्ज कर भूमि का अवैध बैनामा करने के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर राजस्व अभिलेखों में कूटरचना कर मृतक की संपत्ति पर अवैध कब्जा करने और धोखाधड़ी के माध्यम से भूमि का बैनामा कराने का आरोप है। जानकारी के अनुसार नन्दाव गांव निवासी सफुद्दीन पुत्र हकीमुद्दीन ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि मृतक नसीम अहमद की संपत्ति के उत्तराधिकार संबंधी अभिलेखों में भ्रामक और कूटरचित तथ्य दर्ज कर उनकी पत्नी नसरीन और बच्चों के वैधानिक अधिकारों की उपेक्षा की गई। आरोप है कि फर्जी तरीके से वरासत दर्ज कराने के बाद संबंधित भूमि का बैनामा कर दिया गया। मामले में थाना सरायमीर पर मुकदमा संख्या 474/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच और साक्ष्य संकलन के दौरान कई लोगों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 19 जून 2026 को सरायमीर पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित अभियुक्त अब्दुल फहद कादनपट्टी मोड़ पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अब्दुल फहद पुत्र स्वर्गीय नसीम निवासी राजापुर सिकरौर, थाना सरायमीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र 32 वर्ष है और उसके विरुद्ध पूर्व में भी धोखाधड़ी, जालसाजी एवं आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित मुकदमा दर्ज रहा है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





