बिना परमिट सवारी ढोने और अवैध वाहन स्टैंड संचालित करने वालों पर शिकंजा
शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका में न्यायालय भेजे गए आरोपी
आजमगढ़। जनपद में अवैध रूप से यात्री वाहन संचालन और अनधिकृत वाहन स्टैंड के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। थाना कंधरापुर क्षेत्र के भवरनाथ चौराहा और सेहदा अंडरपास के पास चलाए गए विशेष अभियान में बिना वैध परमिट सवारी ढोने एवं अवैध वाहन स्टैंड संचालित करने वाले 20 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि 21 चारपहिया वाहनों को सीज कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी कंधरापुर के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस और थाना कंधरापुर की संयुक्त टीम ने दोनों स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस जांच में सामने आया कि कई चारपहिया वाहन चालक बिना वैध परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के अवैध रूप से सवारी ढो रहे थे। इसके अलावा ब्रिज और अंडरपास के नीचे अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर अवैध वाहन स्टैंड का संचालन किया जा रहा था। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस के अनुसार, सवारी बैठाने को लेकर वाहन चालकों के बीच अक्सर विवाद, गाली-गलौज और हाथापाई जैसी स्थितियां उत्पन्न हो जाती थीं। वहीं यात्रियों से किराया और सवारी बैठाने को लेकर भी वाद-विवाद की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसी गतिविधियों से क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी। अभियान के दौरान वाहनों के कागजात और परिवहन संबंधी अभिलेखों की जांच की गई, लेकिन कई चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके चलते 21 चारपहिया वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। इसके अतिरिक्त शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के मद्देनजर 20 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालानी कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायालय भेज दिया गया। कार्रवाई के दौरान दुर्गेश राय, प्रिंस यादव उर्फ बृजेश यादव, मोहम्मद साहिद, अभिषेक सिंह तोमर, विवेक सिंह, दुर्गा राय, शिवकुमार यादव, संतोष चौरसिया, दिनेश गौड़, आनन्द यादव, मोहम्मद इमरान, कमलेश यादव, ईसा हाशमी, हिमांचल सिंह, शफीक अंसारी, शशिकान्त, विमलेश सिंह, कपिल पासवान, शिवम यादव तथा तेजबहादुर यादव के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस अभियान को वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, यातायात पुलिस एवं थाना कंधरापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि बिना वैध परमिट एवं आवश्यक अभिलेखों के यात्री वाहन संचालन तथा सार्वजनिक स्थलों पर अवैध वाहन स्टैंड का संचालन दंडनीय अपराध है। ऐसे अवैध कार्यों के खिलाफ भविष्य में भी सघन अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




