थाने के पीछे चल रही गन फैक्ट्री

Youth India Times
By -
0

कांवड़िए के वेश में करता था तस्करी

STF ने 21 तमंचों संग अभियुक्त को किया गिरफ्तार
मेरठ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मेरठ में अवैध हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान देहली गेट क्षेत्र के खैरनगर निवासी तजम्मुल के रूप में हुई है। उसके पास से 21 अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं, जिन्हें वह मुजफ्फरनगर सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी कांवड़ यात्रा के दौरान चेकिंग से बचने के लिए कांवड़िये का वेश धारण कर केसरिया गमछा पहनकर हथियारों की तस्करी कर रहा था। एसटीएफ को हथियार तस्करी की सूचना मिलने पर शनिवार शाम लालकुर्ती स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 21 तमंचे बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले पांच-छह वर्षों से अवैध हथियार बनाने और बेचने का काम कर रहा है तथा एक 315 बोर का तमंचा करीब 5 हजार रुपये में बेचता था। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लालकुर्ती थाने के पीछे स्थित एक मकान में छापा मारा, जहां अवैध तमंचा फैक्ट्री संचालित हो रही थी। मौके से हथियार बनाने में प्रयुक्त वेल्डिंग मशीन, शिकंजा, वेल्डिंग रॉड और अन्य उपकरण बरामद किए गए। आरोपी ने बताया कि वह मुजफ्फरनगर के जौला क्षेत्र से तमंचों की नाल और अन्य पुर्जे लाकर मेरठ में उन्हें जोड़कर तैयार करता था और फिर विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, तजम्मुल वर्ष 2022 में भी मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र से 37 तमंचों के साथ गिरफ्तार हो चुका है। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद उसने फिर से हथियार बनाने का धंधा शुरू कर दिया। एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लालकुर्ती थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही पुलिस की एक टीम को मुजफ्फरनगर के जौला भेजा गया है, ताकि अवैध हथियारों के पुर्जे उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क का भी पता लगाया जा सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)