जीवित पत्नी का कराया 'पिंडदान', वीडियो व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया

Youth India Times
By -
0

मारपीट की ऑडियो होने का दावा; पुलिस ने शुरू की जांच

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पति ने अपनी जीवित पत्नी का पिंडदान कर उसका वीडियो बनाया और उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर साझा कर दिया। पीड़िता ने इस घटना के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, लाइनपार थाना क्षेत्र के नगला विष्णु (सरनाम सिंह आईटीआई) निवासी दीपा स्वर्णकार का विवाह 26 अगस्त 2014 को जितेंद्र प्रकाश के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि पिछले पांच वर्षों से पति, सास मंजू वर्मा, ननद शालिनी जैन और देवर नकुल उर्फ नारायण वर्मा द्वारा लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। पीड़िता के मुताबिक, रविवार को उसके पति ने उसकी जीवित अवस्था में पिंडदान का कर्मकांड किया, उसका वीडियो बनाया और व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया। विरोध करने पर पति ने उसे अपने साथ रखने से भी इनकार कर दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि तीन दिन पहले ननद और देवर ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे बचने के लिए उसे खुद को एक कमरे में बंद करना पड़ा। उसका दावा है कि मारपीट की ऑडियो रिकॉर्डिंग उसके पास साक्ष्य के रूप में मौजूद है। घटना के बाद पीड़िता ने लाइनपार थाने पहुंचकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है। मामले पर सीओ सदर तेजस त्रिपाठी ने बताया कि महिला ने जीवित रहते हुए पिंडदान करने और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)