आजमगढ़ : निजी विद्यालय में छात्रा की पिटाई का आरोप, परिजनों ने दी तहरीर

Youth India Times
By -
0


प्रबंधक पर अभिभावक से गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप, सुलह का प्रयास विफल
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ विकासखंड के भरौली स्थित एक निजी विद्यालय में छात्रा की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजन विद्यालय के प्रबंधक पर मारपीट करने और शिकायत करने पहुंचे अभिभावकों से गाली-गलौज व धमकी देने का आरोप लगाते हुए जीयनपुर कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बनी। छात्रा के परिजन मुकदमा दर्ज कराने पर अड़े रहे। भरौली निवासी यदुवंश चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी नातिन अन्वी, भरौली स्थित किंग किंगडम निजी विद्यालय में पढ़ती है। आरोप है कि शुक्रवार को करीब 11 बजे विद्यालय के प्रबंधक चंद्रशेखर ने किसी बात को लेकर छात्रा की पिटाई कर दी। परिजनों का कहना है कि मारपीट के बाद छात्रा को अंदरूनी चोट आई। आरोप है कि घटना की शिकायत करने छात्रा की मां अंजना और नाना यदुवंश चौहान विद्यालय पहुंचे तो प्रबंधक ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और गांव में स्थित घर गिरवाने की धमकी दी। इसके बाद परिजनों ने जीयनपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया। शनिवार दोपहर प्रबंधक चंद्रशेखर के पक्ष में विद्यालय से जुड़े दर्जनों लोग भी कोतवाली पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। छात्रा के नाना यदुवंश चौहान प्रबंधक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)