एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के अभियान के तहत एडीएम (प्रशासन) का आदेश
चार माह तक संबंधित थाने में नियमित हाजिरी के निर्देश, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
आजमगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कंधरापुर पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) ने पांच अपराधियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें चार माह तक संबंधित थाने में प्रत्येक पखवाड़े प्रभारी निरीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज कराने का आदेश दिया है। जिन पांच आरोपियों पर यह कार्रवाई की गई है, उनमें करन विश्वकर्मा (थाना रानी की सराय), सूरज (थाना रानी की सराय), आकाश यादव (थाना निजामाबाद), संकज (थाना देवगांव) और फकरे आलम उर्फ फकरू (थाना जीयनपुर) शामिल हैं। इन सभी के विरुद्ध पहले से विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जनपद में अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आमजन की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और कानून का राज कायम रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



