आकस्मिक निरीक्षण में दो दिन की अनुपस्थिति मिली, एमडीएम रजिस्टर भी नहीं मिला
नामांकन के सापेक्ष छात्रों की उपस्थिति बेहद कम मिलने पर प्रधानाचार्य को दिए निर्देश
आजमगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) अजय कुमार ने बुधवार को जहानागंज स्थित श्री राम राष्ट्रीय इंटर कॉलेज का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन शिक्षक बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित पाए गए, जबकि मिड-डे मील (एमडीएम) रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं कराया गया। मामले को गंभीर मानते हुए डीआईओएस ने संबंधित शिक्षकों का दो दिन का वेतन रोकते हुए तीन दिन के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान शिक्षक उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में पाया गया कि वशिष्ठ यादव (प्रवक्ता), शिल्पी यादव (सहायक अध्यापक) और अमित कुमार कौशल (सहायक अध्यापक) ने 3 और 4 अगस्त 2026 को उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। प्रधानाचार्य इनकी अनुपस्थिति के संबंध में कोई स्पष्ट उत्तर या अवकाश प्रार्थना पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके, जिससे इन्हें बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित माना गया। डीआईओएस ने एमडीएम रजिस्टर मांगा तो प्रधानाचार्य ने बताया कि वह संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में जमा है। प्रधानाचार्य के अनुसार एमडीएम रजिस्टर में 150 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें से 80 उपस्थित थे। वहीं विद्यालय में कुल 1600 छात्र-छात्राओं के नामांकन के सापेक्ष केवल 910 की उपस्थिति दर्ज मिली, जिसे संतोषजनक नहीं माना गया। इस पर प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीआईओएस ने आदेश में कहा है कि संबंधित तीनों शिक्षकों का 3 और 4 अगस्त का वेतन अग्रिम आदेश तक अवरुद्ध रहेगा। संस्था प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया है कि तीन दिनों के भीतर संबंधित शिक्षकों से साक्ष्य आधारित स्पष्टीकरण प्राप्त कर उपलब्ध कराएं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।



