विरोध करने पर परिजनों को दी जान से मारने की धमकी; आरोपी हिरासत में
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मंगरावां रायपुर गांव में बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि पड़ोसी ने 20 दिन के बकरी के बच्चे का धारदार हथियार से सिर धड़ से अलग कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मंगरावां रायपुर निवासी अनामिका पत्नी मनोज कुमार ने गंभीरपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह उनकी बकरी का 20 दिन का बच्चा पड़ोसी अमित जैसल पुत्र स्वर्गीय श्यामकेर के दरवाजे पर चला गया था। आरोप है कि इसी बात पर अमित जैसल ने अपने साथ रहने वाली गरिमा के साथ मिलकर बकरी के बच्चे का धारदार हथियार से सिर काट दिया। अनामिका के अनुसार, बकरी के बच्चे की चीख सुनकर जब वह और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि बकरी के बच्चे का सिर धड़ से अलग पड़ा था। विरोध करने पर आरोपी अमित और गरिमा ने गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पहले भी कटारी लेकर लोगों को धमका चुका है और उसका वीडियो भी वायरल हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी अक्सर कहता है कि उसे किसी का डर नहीं है और जो उसके दरवाजे पर आएगा उसे जान से मार देगा। घटना के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल है। गंभीरपुर थानाध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं पशु चिकित्सालय के डॉक्टर राहुल मिश्रा ने बताया कि बकरी के बच्चे का पोस्टमार्टम कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से सिर धड़ से अलग किए जाने की पुष्टि हुई है।






