हाफिजपुर में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित
आजमगढ़। दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में हाफिजपुर स्थित टॉक शो परिसर में मंगलवार को सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूजा सिंह के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद डॉ. विपिन यादव एवं श्याम हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों के सहयोग से पात्र महिलाओं को सिलाई मशीनें प्रदान की गईं। ट्रस्ट की ओर से मशीन प्राप्त करने वाली महिलाओं का आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और स्थायी पते के साथ पंजीकरण भी किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि वे इन मशीनों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें और स्वरोजगार शुरू करें। साथ ही भविष्य में ट्रस्ट द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले सिलाई कार्यों को उचित पारिश्रमिक पर पूरा करने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट की वरिष्ठ पदाधिकारी मीरा अग्रवाल, नीरज सिंह, निशा अग्रवाल, अविका सिंह, रीना जैसवाल समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट लगातार महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की दिशा में कार्य कर रहा है।





