किया घिनौना कृत्य, दी जाय कड़ी से कड़ी सजा
शादी का झांसा देकर शोषण के आरोपी से हिंदू संगठनों ने किया किनारा
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में युवती के साथ कथित तौर पर शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक शारीरिक शोषण, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में हिंदू संगठनों ने आरोपी से खुद को अलग बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि आरोपी संगठन का कार्यकर्ता नहीं है और यदि उसने ऐसा घिनौना कृत्य किया है तो उसे कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख प्रवीण सिंह, जिला संयोजक शिवम सिंह तथा विहिप जिलाध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि संगठन महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के पक्ष में है। किसी भी व्यक्ति द्वारा इस प्रकार का अपराध किया जाना निंदनीय है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। बताया जा रहा है कि शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि दलसिंगार मोहल्ला निवासी आदित्य सोनी ने शादी का झांसा देकर करीब तीन वर्षों तक उसके साथ संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि शादी का दबाव बनाने पर आरोपी पहले साथ रहने को तैयार हुआ, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की तथा अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी कुछ तस्वीरें वायरल की गई हैं और अधिक दबाव बनाने पर जान से मरवाने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने स्थानीय थाने पर शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने की बात कहते हुए 14 मई को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत प्रकोष्ठ में प्रार्थना पत्र दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत प्रकोष्ठ ने क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि आरोपी आदित्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। बता दें कि आरोपी द्वारा सोशल नेटवर्क पर अपने को बजरंग दल का पदाधिकारी बताया गया था।





