लखनऊ में लाठीचार्ज के दौरान घायल अधिवक्ताओं को 50 लाख मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए कथित बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को आजमगढ़ दीवानी कचहरी के अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप अधिवक्ता पूरे दिन सामूहिक अवकाश पर रहे और शासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न्यायालय परिसर में जुलूस निकाला। इस दौरान अधिवक्ताओं ने करीब दस मिनट तक गिरजाघर चौराहे पर चक्का जाम कर अपना आक्रोश जताया। इस संबंध में दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ की साधारण सभा की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने की, जबकि संचालन मंत्री अनुराग कुमार दीक्षित ने किया। बैठक में वक्ताओं ने लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर से जुलूस निकालकर शासन विरोधी नारे लगाए और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने मांग की कि लाठीचार्ज में घायल प्रत्येक अधिवक्ता को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा घटना के दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इसके बाद अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शन में संघ अध्यक्ष प्रभाकर सिंह, मंत्री अनुराग कुमार दीक्षित, पूर्व मंत्री अनिल कुमार सिंह, जगदीश प्रसाद यादव, अरुणेंद्र कुमार सिंह, राजेश सिंह, पंकज सिंह, संजय कुमार सिंह, अमित दूबे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।






