आजमगढ़ : डिजिटल युग में स्मार्ट पैरेंटिंग आवश्यक : आस्था जायसवाल

Youth India Times
By -
0




बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए माता-पिता की जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण : राकेश सिंह, प्रबंधक

कैम्ब्रिज मॉडर्न स्कूल में ‘फ्यूचर रेडी मॉम’ कार्यशाला संपन्न
आजमगढ़। जहानागंज नगर पंचायत स्थित कैम्ब्रिज मॉडर्न स्कूल में माताओं को समर्पित पंचदिवसीय कार्यशाला ‘फ्यूचर रेडी मॉम’ का भव्य समापन शनिवार को प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल माताओं ने डिजिटल युग में बच्चों की परवरिश, स्मार्ट पैरेंटिंग और तकनीक के सकारात्मक उपयोग से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी सदर एवं उप पुलिस अधीक्षक आस्था जायसवाल तथा विद्यालय के प्रबंधक राकेश सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित माताओं को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी आस्था जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय पूरी तरह डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित हो चुका है। ऐसे में बच्चों की परवरिश का तरीका भी बदल रहा है और प्रत्येक माता-पिता को स्मार्ट पैरेंटिंग को समझना आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि पहले बच्चों की दिनचर्या और खानपान माता-पिता तय करते थे, जबकि आज बच्चे स्वयं अपनी पसंद और आदतें निर्धारित करने लगे हैं। उन्होंने मोबाइल और तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चे तकनीकी चीजों को तेजी से सीखते हैं, इसलिए अभिभावक आसानी से उनके हाथों में मोबाइल दे देते हैं। मोबाइल बच्चों को समस्याओं का तात्कालिक समाधान तो दे सकता है, लेकिन आत्मनिर्भर और मानसिक रूप से मजबूत नहीं बना सकता। उन्होंने माताओं से बच्चों के साथ संवाद बढ़ाने और तकनीक के संतुलित उपयोग पर ध्यान देने की अपील की। विद्यालय के प्रबंधक राकेश सिंह ने भी अच्छे पालन-पोषण और नैतिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए माता-पिता की जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्राधिकारी आस्था सिंह ने कार्यशाला में भाग लेने वाली सभी माताओं को ‘स्मार्ट मॉम’ प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विपुल, भृगुनाथ, मयंक, अविनाश, रंजना, नेहा, रेखा, रिंकी, सुमन, निशा, दीपमाला, लक्ष्मी, कीर्ति, अनुष्का, जूही एवं वंदना सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)