आजमगढ़ : 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

 





गम्भीरपुर पुलिस और प्रयागराज STF ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को दबोचा
रिपोर्ट : मोहम्मद सैफ
आजमगढ़। जनपद के थाना गम्भीरपुर पुलिस और एसटीएफ फील्ड यूनिट प्रयागराज की संयुक्त टीम ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य तथा गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रईस उर्फ लम्बू पुत्र इरशाद निवासी फरिहा थाना निजामाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना निजामाबाद में गैंगस्टर एक्ट समेत कई चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर आजमगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2024 में निजामाबाद थाना क्षेत्र में कई चोरी की घटनाएं हुई थीं। इनमें घरों से नकदी, जेवरात तथा विद्यालय से गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी होने के मामले शामिल थे। विवेचना के दौरान पुलिस ने दिसंबर 2024 में गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया था। जांच में सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह है, जो आर्थिक लाभ के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 8 मई 2026 को गम्भीरपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी और एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी रईस उर्फ लम्बू को बिन्द्रा बाजार स्थित पटेल ढाबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ निजामाबाद थाने में गैंगस्टर एक्ट सहित चोरी और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में गम्भीरपुर पुलिस के साथ एसटीएफ प्रयागराज के कई अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)