आजमगढ़ : दरोगा के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

Youth India Times
By -
0




मकान निर्माण रुकवाने के बाद ₹10 हजार रिश्वत मांगने का आरोप

आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के क्यामुद्दीन पट्टी उर्फ परसहा निवासी शहजाद अहमद ने पुलिस चौकी फरिहा पर तैनात एक नायब दरोगा और सिपाही पर घूस मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर क्षेत्राधिकारी सदर के आदेश के बाद निजामाबाद थाने में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पीड़ित शहजाद अहमद पुत्र अबुल बशर ने दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि वह अपने मकान का निर्माण करा रहा था, जिसे विपक्षियों ने दबंगई के बल पर रुकवा दिया। इस संबंध में उसने थाना निजामाबाद में शिकायत की थी। आरोप है कि थाना प्रभारी विपक्षियों के प्रभाव में आ गए और मकान निर्माण भी रुकवा दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में पुलिस चौकी फरिहा से परमात्मा यादव नामक नायब दरोगा तथा प्रशांत नामक सिपाही ने उसे फोन कर चौकी पर बुलाया। आरोप है कि नायब दरोगा ने कहा कि “बड़े साहब” से बात हो गई है और काम शुरू कराने के लिए ₹10 हजार लाने होंगे। पीड़ित का आरोप है कि उससे पहले ₹2500 भी लिए गए तथा बाद में ₹5000 अतिरिक्त लाने की बात कही गई। खुद को परेशान बताते हुए पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी सदर से मामले में कार्रवाई की मांग की। प्रार्थना पत्र पर क्षेत्राधिकारी सदर ने जांच के निर्देश देते हुए प्रकरण को थाना निजामाबाद भेजा। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने अभियोग पंजीकृत करने का आदेश दिया। मामले की कायमी हेड कांस्टेबल सतीश चंद्र विशाल द्वारा की गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)