आजमगढ़ : युवक पर भूखंड दिलाने के नाम पर 21.60 लाख हड़पे

Youth India Times
By -
0





लखनऊ में प्लॉट दिलाने का झांसा देकर नगद, चेक और ऑनलाइन माध्यम से ली गई रकम

पैसे और रजिस्ट्री मांगने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप
आजमगढ़। मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के फरीदपुर निवासी एक व्यक्ति ने आजमगढ़ के युवक और उसकी कथित रियल एस्टेट कंपनी पर भूखंड दिलाने के नाम पर 21 लाख 60 हजार 25 रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले में वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित हरिलाल पुत्र बृजमोहन राम का आरोप है कि उनकी मुलाकात आजमगढ़ के सिधारी क्षेत्र निवासी रेखचन्द मौर्या उर्फ रजत मौर्या से हुई थी। रेखचन्द ने खुद को लखनऊ स्थित केडीएल मेट्रोसिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड का निदेशक बताते हुए सस्ते दर पर विकसित आवासीय भूखंड दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि वह प्रार्थी को लखनऊ स्थित कंपनी कार्यालय ले गया और जमीन दिखाकर प्लॉट विकसित किए जाने की बात कही। विश्वास में लेकर आरोपी ने विभिन्न तिथियों में नगद, चेक, आरटीजीएस और आईएमपीएस के माध्यम से कुल 21.60 लाख रुपये जमा करा लिए। पीड़ित का कहना है कि भुगतान से जुड़े दस्तावेज और रसीदें उसके पास सुरक्षित हैं। आरोप है कि जब प्रार्थी ने भूखंड की रजिस्ट्री कराने की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़ित के अनुसार जब वह अपने साथियों के साथ कंपनी कार्यालय पहुंचा तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कर आरोपी और उसकी कथित कंपनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। उक्त मामले में शासन से मिले निर्देश के क्रम में शिकायत थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साथ शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)