मकान निर्माण शुरू कराने के नाम पर 15 हजार मांगने का आरोप, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र में रिश्वत मांगने के आरोप में एक उपनिरीक्षक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, क्यामुद्दीन पट्टी उर्फ परसहाँ निवासी शहजाद अहमद ने 7 मई 2026 को क्षेत्राधिकारी सदर के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि चौकी फरिहा पर तैनात उपनिरीक्षक परमात्मा यादव ने मकान निर्माण कार्य शुरू कराने के नाम पर 15 हजार की मांग की। शिकायत के आधार पर थाना निजामाबाद में मु0अ0सं0 116/26 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की जांच के बाद शनिवार को क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में चौकी प्रभारी फरिहा उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा व पुलिस टीम ने आरोपी उपनिरीक्षक परमात्मा यादव को थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया है। गिरफ्तारी टीम में कांस्टेबल कमलेश सरोज भी शामिल रहे।





