पति मौके से फरार; पशु क्रूरता अधिनियम व आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से पड़वा (बछड़ा) काटने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में मांस, पशु के अवशेष तथा काटने के उपकरण बरामद किए गए हैं, जबकि महिला का पति पुलिस को देख मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 मई को उपनिरीक्षक मोहम्मद शमशाद खान अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि वार्ड नंबर 13, मोहल्ला पुरा दीवान स्थित स्लॉटर हाउस के पीछे एक मकान में पिंटू कुरैशी नामक व्यक्ति अवैध रूप से पड़वा काट रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर के पास पहुंचते ही एक व्यक्ति दीवार फांदकर फरार हो गया। जब पुलिस ने मकान के अंदर तलाशी ली तो वहां एक पड़वा की खाल, सींग, खोपड़ी, जबड़े का टुकड़ा तथा लगभग 40 किलोग्राम मांस पड़ा मिला। इसके अलावा मौके से दो चाकू, एक टांगी, लोहे की छड़ें, लकड़ी का ठीहा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और काला पन्नी भी बरामद किया गया। मौके पर मौजूद महिला ने पूछताछ में अपना नाम फात्मा बेगम पत्नी अल्ताफ कुरैशी उर्फ पिंटू कुरैशी निवासी पुरा दीवान बताया। उसने स्वीकार किया कि वह अपने पति के साथ मिलकर जानवर काटकर मांस बेचती है और इसी से घर का खर्च चलता है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(i) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मौके पर पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर अवशेषों का परीक्षण कराया गया और मांस को गड्ढा खोदकर नष्ट कराया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।






