ड्यूटी टाइम में प्राइवेट हॉस्पिटल क्यों पहुंच गए डॉक्टर साहब बड़ा सवाल
कोतवाली पहुंचने के बाद मामला हो गया ठंडा
आजमगढ़। शासन द्वारा चिकित्सकों की प्राइवेट प्रैक्टिस पर रोक लगाए जाने के बावजूद इसका उल्लंघन लगातार सामने आ रहा है। ताजा मामला मंगलवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के कालीनगंज स्थित एक निजी अस्पताल का है, जहां बकाया रकम की वसूली करने पहुंचे एक एजेंट के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। मुकेरीगंज निवासी अभिषेक शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एक लाख 26 हजार 614 रुपये की वसूली के लिए अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. नवनीत गुप्ता ने उनके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और पैसे न देने की धमकी दी। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। मामला कोतवाली पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता करा दिया, जिसके चलते प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इस संबंध में सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि दोनों पक्षों के आपसी समझौते के कारण आगे की कार्रवाई नहीं की गई। घटना को लेकर एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि डॉ. नवनीत गुप्ता की तैनाती मंडलीय जिला चिकित्सालय में फिजिशियन के रूप में बताई जा रही है और घटना सुबह करीब 10 बजे की है। ऐसे में ड्यूटी समय के दौरान निजी अस्पताल में उनकी मौजूदगी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मामले में एसआईसी मंडलीय जिला चिकित्सालय डॉ. सतीश कन्नौजिया ने कहा कि यदि तैनाती एडहॉक या संविदा पर है तो इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सीएमओ ही दे सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संविदा चिकित्सकों के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी में उपस्थित रहना अनिवार्य होता है। वहीं, सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि चिकित्सकों द्वारा प्राइवेट प्रैक्टिस करना गलत है। यदि इस तरह का मामला सामने आता है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






