गौ रक्षा, गंगा स्वच्छता और सनातन संस्कृति संरक्षण का दिया संदेश, श्रद्धालुओं ने लिया धर्म रक्षा का संकल्प
दीदारगंज, आजमगढ़। गौ माता, मां गंगा और सनातन धर्म की रक्षा हेतु जनजागरण का संदेश लेकर निकली जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज की संकल्प यात्रा का रविवार को दीदारगंज चौक पर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। बड़ी संख्या में साधु-संत, धर्म प्रेमी एवं स्थानीय लोग यात्रा में शामिल हुए और शंकराचार्य का पुष्प वर्षा तथा माल्यार्पण कर स्वागत किया। दीदारगंज चौक पर “गौ माता की जय”, “हर-हर महादेव” और “सनातन धर्म अमर रहे” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया और धर्म रक्षा का संकल्प लिया। अपने संबोधन में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और परंपरा की पहचान हैं, जबकि मां गंगा देश की आस्था और जीवन का आधार हैं। उन्होंने लोगों से गौ सेवा, गंगा स्वच्छता और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को एकजुट होकर गोवंश संरक्षण और भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने लोगों को गौरक्षा की शपथ भी दिलाई। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे लोगों का समर्थन नहीं करना चाहिए जो बूचड़खानों से जुड़े लोगों से सहयोग लेते हों। इस अवसर पर जगद्गुरु ने दीदारगंज बाजार निवासी विवेक गुप्ता को माला पहनाकर अपना प्रतिनिधि घोषित किया। यात्रा में शामिल लोगों ने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में साध्वी जगदम्बा, भानु प्रताप यादव डेमरी, दिलीप यादव प्रधान, दीपक यादव, मनोज कुमार यादव, राम दुलारे यादव सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दीदारगंज थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।






