आजमगढ़ : शौच के लिए गए वृद्ध की नहर में डूबने से मौत

Youth India Times
By -
0





पैर फिसलने से शारदा सहायक नहर में गिरे किसान, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र में रविवार भोर शारदा सहायक नहर में डूबने से एक वृद्ध किसान की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना महराजगंज थाना क्षेत्र के बड़हरडीह स्थित शारदा सहायक नहर की है। मोलनापुर गांव निवासी रामशब्द यादव (70) रविवार सुबह करीब चार बजे रोज की तरह टहलते हुए नहर की ओर गए थे। परिजनों के अनुसार वह शौच के लिए घर से निकले थे। शौच के बाद वह नहर के किनारे पानी छूने के लिए नीचे उतरे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। आसपास कोई मौजूद न होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सके और डूबने से उनकी मौत हो गई। कुछ देर बाद गांव के लोग टहलते हुए नहर किनारे पहुंचे तो पानी में शव उतराता देख दंग रह गए। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही महराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि रामशब्द यादव खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी मुखराजी देवी, एक बेटा ओमप्रकाश यादव तथा एक विवाहित बेटी हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि वृद्ध सुबह शौच के लिए गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नहर में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)