प्रयागराज को मिला नया नगर मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ व फर्रुखाबाद में भी नए एसडीएम की तैनाती
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने शुक्रवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियां की हैं। प्रयागराज के नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह का स्थानांतरण कर उन्हें अपर जिलाधिकारी (वि/रा), मिर्जापुर के पद पर भेजा गया है। उनकी जगह मुरादाबाद के उप जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह को नया नगर मजिस्ट्रेट, प्रयागराज बनाया गया है। इसी क्रम में उ०प्र० सहकारी चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक गुलशन को मुख्य राजस्व अधिकारी, बलिया के पद पर तैनाती दी गई है। वहीं बलिया के स्थानान्तरणाधीन मुख्य राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार पाल को उप निदेशक, बाल विकास एवं पुष्टाहार निदेशालय, लखनऊ बनाया गया है। भदोही की उपजिलाधिकारी सुश्री बरखा सिंह का तबादला कर उन्हें प्रधान प्रबंधक, उ०प्र० सहकारी चीनी मिल संघ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने प्रतीक्षारत चल रहे दो अधिकारियों को भी नई तैनाती दी है। अविनाश कुमार गौतम को उपजिलाधिकारी, आजमगढ़ तथा अभिषेक वर्मा को उपजिलाधिकारी, फर्रुखाबाद नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कानपुर नगर निगम की अपर नगर आयुक्त श्रीमती अमृता सिंह को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अमेठी के पद पर भेजा गया है। वहीं वाराणसी नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार का स्थानांतरण कर उन्हें नगर निगम कानपुर में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक जरूरतों और कार्यकुशलता से जोड़कर देखा जा रहा है।






