आज़मगढ़। जनपद के तहसील निजामाबाद क्षेत्र के खुटिया गांव निवासी उमेश प्रताप ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसके गाटा संख्या 151 की भूमि पर न्यायालय में वाद लंबित होने के बावजूद विपक्षी जबरन निर्माण कर कब्जा कर रहे हैं। पीड़ित ने मामले में परिवार की सुरक्षा और अवैध निर्माण रुकवाने की मांग की है। उमेश प्रताप पुत्र स्व. सीताराम ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उपजिलाधिकारी न्यायालय में मामला विचाराधीन है। न्यायालय द्वारा “वाद न्यायालय में विचाराधीन है, नियमानुसार नवैयत परिवर्तन रोका जाए” का आदेश भी दिया गया है। इसके बावजूद पट्टीदार लक्षिराम, सत्यराम पुत्रगण रामराज निवासी खुटिया तथा अनिल यादव व धर्मेन्द्र यादव पुत्रगण शिवदास यादव निवासी चकबारी थाना निजामाबाद अन्य 10-15 अज्ञात लोगों के साथ मिलकर कथित रूप से जबरन मकान निर्माण करा रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि विपक्षी लाठी-डंडा और असलहों से लैस होकर दबंगई के बल पर कब्जा कर रहे हैं। उसने बताया कि मामले की सूचना थाना तहबरपुर पुलिस को दी गई, लेकिन वहां भी सुनवाई नहीं हुई। उल्टा थानाध्यक्ष पर डांटकर भगा देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि अवैध निर्माण तत्काल रुकवाया जाए तथा उसके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।






